अलीगढ़ के राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रभक्ति और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। विश्वविद्यालय परिवार ने स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के योगदान को याद किया। उन्होंने राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का संकल्प लिया।
शुभारंभ वीसी प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह ने महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया। ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रगीत का पूर्ण पाठ किया गया। डॉ. अमरजीत कौर और विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया। इसके बाद कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह ने ध्वजारोहण किया। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को नमन किया और राष्ट्रगान गाया। कुलसचिव प्रबुद्ध सिंह ने उच्च शिक्षा सचिव का संदेश पढ़कर सुनाया।
कुलपति का संबोधन और युवाओं को प्रेरणा
स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह ने ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राष्ट्रगीत के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह भारत की राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। कुलपति ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से ज्ञान, तकनीक और प्रतिभा का उपयोग कर राष्ट्र, समाज और विश्वविद्यालय के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
