संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। विकास खंड बिरधा के ग्राम दांवर में मनेरगा से भूमि सुधार के कार्य में लापरवाही करने पर जिला विकास अधिकारी ने सचिव प्रेम खरे को निलंबित कर दिया है।
ग्राम पंचायत दांवर में ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि भूमि सुधार के दो-दो लाख रुपये के एस्टीमेट तैयार कर धनराशि निकाल ली गई थी, लेकिन मौके पर कार्य नहीं किया गया। इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी प्रेम खरे से स्पष्टीकरण तलब किया गया था। स्पष्टीकरण में बताया कि उन्होंने भैया सहरिया व मुन्ना अहिरवार के खेत में भूमि सुधार का एस्टीमेट तैयार किया था। मौके पर स्थलीय निरीक्षण न कर भुगतान कर दिया।
रोजगार सेवक ने इन किसानों के यहां कार्य न कराते हुए बगल के खेत में कार्य करा दिया। लापरवाही व उदासीनता बरतने पर सचिव को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही खंड विकास अधिकारी को प्रकरण की विस्तृत जांच कर आरोपपत्र तैयार करने के आदेश दिए गए हैं। जिला विकास अधिकारी केएन पांडे ने बताया कि सचिव को निलंबित किया है, विस्तृत जांच खंड विकास अधिकारी बार को सौंपी गई है।
