शामली। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस ने जिले के सभी थानों में दर्ज 989 हिस्ट्रीशीटरों का नए सिरे से सत्यापन अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान का उद्देश्य संदिग्ध व आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कड़ी निगरानी रखना है।
इन हिस्ट्रीशीटरों में कुछ अपराधी वर्तमान में जेल में बंद हैं। हालांकि, बड़ी संख्या में हिस्ट्रीशीटर जेल से बाहर रह रहे हैं। पुलिस टीमें इनके वर्तमान ठिकानों की जानकारी जुटा रही हैं। उनकी दैनिक गतिविधियों और आजीविका के साधनों के बारे में भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।
सत्यापन के दौरान एक सकारात्मक पहलू भी सामने आया है। जिले के 250 से अधिक हिस्ट्रीशीटर ऐसे हैं जिन्होंने अपराध की दुनिया छोड़ दी है। वे अब मेहनत-मजदूरी या अपना काम-धंधा कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह विशेष अभियान चुनाव से पहले चलाया जा रहा है।
