गिलौला। क्षेत्र निवासी छह साल की बालिका के साथ सोमवार शाम कुरकुरे व रुपयों का प्रलोभन देकर युवक ने दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी मासूम को लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग गया। पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली भिनगा क्षेत्र के सिसवा निवासी शाहिद अली गांवों में जाकर जड़ी-बूटी की दवा देता है। सोमवार की शाम वह गिलौला थाना क्षेत्र के एक गांव में जड़ी-बूटी देने गया था। जिस युवक के घर वह जड़ी-बूटी देने गया था, उसे जड़ी-बूटी देने के बाद आरोपी ने उसके पड़ोस की छह साल की मासूम को अपने पास बुलाया। जहां उसे कुरकुरे और 10 रुपये देकर बहलाया-फुसलाया।
इसके बाद आरोपी उसे गांव के स्कूल के पास स्थित झाड़ियों में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद आरोपी मासूम को लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग गया। बालिका रोते-बिलखते घर पहुंची और आप बीती सुनाई। बालिका की बातें सुन परिजन भी रो पड़े और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर गिलौला थाना प्रभा
री राजेश कुमार गुप्ता फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। वहीं मासूम को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
सीओ भरत पासवान ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं, जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
