श्रावस्ती। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 83 शिकायतें आईं, जिनमें से आठ का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

जमुनहा तहसील सभागार में आयोजित जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम मनोज कुमार राय ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। पटना गांव निवासी सीमा वर्मा ने शिकायती पत्र देकर पति जयप्रकाश वर्मा पर जमीन बेचने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि पति नशे के आदी हैं और नशे के लिए जमीन बेचने जा रहे हैं। इससे उनके नाबालिग बच्चों के भरण-पोषण की समस्या उत्पन्न हो जाएगी। उन्होंने जमीन की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जमुनहा में कुल 51 शिकायतें आईं, जिनमें से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। इकौना तहसील में 21 शिकायतों में से एक और भिनगा में 11 शिकायतों में से दो का निस्तारण हुआ। इस मौके पर एसडीएम रवि प्रताप सिंह, सीओ आलोक सिंह, सीएमओ डॉ. एके सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

खेत में लटक रहे बिजली के तार को ऊंचा कराने की मांग

जमुनहा क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी जलेश्वर प्रसाद ने बताया कि उनके खेत के ऊपर से 11 हजार केवी की बिजली लाइन गुजर रही है। कुछ दिन पहले आए तूफान के कारण तार नीचे लटक गया है। इसकी चपेट में आने से एक महिला झुलस भी चुकी है। इसके बावजूद तार को ऊंचा नहीं कराया गया। उन्होंने हादसे की आशंका जताते हुए बिजली के तार को ठीक कराने की मांग की।

प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लगाई गुहार

हरदत्तनगर गिरंट क्षेत्र के सरका बरांव गांव निवासी मुजम्मिल खान ने प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को पुरानी रंजिश को लेकर गांव के एक व्यक्ति ने फोन पर जानमाल की धमकी दी थी। इस संबंध में हरदत्तनगर गिरंट थाने में प्रार्थना पत्र देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की।

खलिहान की जमीन से कब्जा हटवाने की मांग

इकौना तहसील के अधिवक्ता सुधीर कुमार शुक्ला ने शिकायत की कि कटरा में खलिहान की भूमि पर एक व्यक्ति ने मकान बनाकर कब्जा कर लिया है। इस संबंध में मामला तहसीलदार न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद अब तक कब्जा हटाने की कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने खलिहान की भूमि को कब्जामुक्त कराने और संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।



Source link

अभी अभी की खबरें