यूपी के सीतापुर में बृहस्पतिवार को करंट लगने से विद्युत विभाग के संविदा कर्मचारी की मौत हो गई। वह हरगांव क्षेत्र के काजीकमालपुर फीडर पर तैनात था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना हरगांव थाना क्षेत्र के सुजौलापुर मजरा हैदरपुर गांव की है। बताया गया कि मूल रूप से पीलीभीत निवासी प्रवेश शर्मा संविदा पर काजीकमालपुर फीडर पर बतौर लाइनमैन तैनात था। दोपहर में वह विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए पहुंचा था। काम के दौरान ट्रांसफार्मर में आए करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
अवर अभियंता (जेई) अश्विनी वर्मा ने बताया कि शट डाउन लिया गया था या नहीं, इसकी वास्तविक स्थिति मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और बातचीत से स्पष्ट हो सकेगी। संबंधित फीडर पर ड्यूटी के दौरान अर्जुन (टीजी-2) और विशाल शर्मा सुबह 10.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक तैनात थे।
विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है कि काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं। कहीं तकनीकी लापरवाही तो नहीं हुई। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित मुआवजा एवं दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
