संदना। संदना इलाके में लौली पुलिया के पास बृहस्पतिवार को बाइक और निजी बस की टक्कर में पहले भाई विकास (23) व बाद में बहन सोनम (20) की दर्दनाक मौत हो गई। भाई अपनी बहन को मिश्रिख में होने वाले बीएससी की परीक्षा दिलवाने के लिए ले जा रहा था। एक ही हादसे में दोनों की मौत से परिवार के साथ ही पूरे विक्रमपुर गांव में मातम पसरा गया।
गांव निवासी रामप्रकाश खेती-किसानी करते हैं। उनका बेटा विकास अपनी बहन सोनम को बीएससी की परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से मिश्रिख जा रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक अनियंत्रित होकर मिश्रिख की तरफ से आ रही एक निजी बस से लौली पुलिया के पास टकरा गई। हादसे में दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी गोंदलामऊ पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में सोनम को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उनकी भी जान नहीं बच सकी। देर शाम इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार विकास ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। सीओ मिश्रिख विशाल गुप्ता ने बताया कि संदना पुलिस ने बस और बाइक को कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
