दीदी ने कोहरे का स्टेटस लगाया था। उसे देखकर मैंने उन्हें कॉल किया, लेकिन फोन किसी ग्रामीण ने उठाया। उसने मनहूस खबर सुनाई। इसके बाद मेरे पैरों तले मानो जमीन खिसक गई। एक झटके में बहन का पूरा परिवार खत्म हो गया।
.
यह कहते हुए हरदोई हादसे में बहन, जीजा और दोनों भांजों को खोने वाले दीपक तिवारी रो पड़े। उन्होंने कहा- अब सभी का अंतिम संस्कार कैसे करूंगा। उनकी मां भी खुद को रोक नहीं पाईं। उनकी आंखों से भी आंसू छलक पड़े। मां ने कहा- मेरी तो दुनिया उजड़ गई।
दरअसल, बुधवार दोपहर हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार SUV बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे में मल्टीनेशनल कंपनी बार्कलेज के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट सौरभ उपाध्याय (40), उनकी पत्नी मेनका (35) और दोनों बेटों व्योम (7) और शिवओम (डेढ़ साल) की मौत हो गई थी। परिवार छठ पूजा मनाने के लिए घर लौट रहा था।

तस्वीर हरदोई पोस्टमॉर्टम हाउस की है। मेनका की मां मीना शव देखकर बेसुध हो गई थीं। परिवार के लोगों ने उन्हें संभाला।
दीपक बोले- जल्दी आने की बात कही थी, अब लाशें आईं
दीपक ने बताया- मेरी मां ने कॉल की तो जीजा, दीदी और दोनों भांजों से बात हुई। फिर मां ने मेरी भी बात कराई। सभी लोग बेहद खुश थे।
आगे की सीट पर बैठे लोगों ने सीट बेल्ट भी लगाई हुई थी। बहन मेनका ने रास्ते में छाए कोहरे का वॉट्सऐप स्टेटस लगाया था। वीडियो में काफी कोहरा दिख रहा था।
मैंने मां को वीडियो दिखाया तो उन्होंने कहा कि इतने कोहरे में मेरे दामाद कार कैसे चला रहे होंगे। मां ने मुझसे कहा कि थोड़ी-थोड़ी देर में जीजा का हाल लेते रहना।
कहां पहुंचे हैं, कोई दिक्कत तो नहीं है। सभी ने जल्द घर आने की बात कही थी। इसके बाद मैंने दोबारा कॉल की तो हादसे की जानकारी मिली। अब उनकी लाशें आई हैं।

मेनका के भाई दीपक ने बताया कि दीदी आते समय बेहद खुश थीं, लेकिन उनकी खुशियां मातम में बदल गईं।
मां बोलीं- अब छठ कैसे मनाऊंगी
दीपक की मां मंजू ने बताया- हम लोगों ने बड़े अरमानों के साथ 2018 में सौरभ और मेनका की शादी की थी, लेकिन महज 8 साल के भीतर इस दर्दनाक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। मैंने बेटी-दामाद के लिए छठ पूजा की पूरी तैयारी कर रखी थी, लेकिन अब छठ कैसे मनाएंगे। इतने प्यारे नातियों का चेहरा कैसे देख पाऊंगी।

हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर शव पड़े थे। पूरी गाड़ी चकनाचूर हो गई थी। इंजन और बोनट टूटकर 100 मीटर के दायरे में बिखर गए थे।
परिवार के इकलौते बेटे थे सौरभ
सौरभ प्रयागराज के रहने वाले थे। वह परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके पिता जय गोविंद उपाध्याय एयरफोर्स में जूनियर वारंट ऑफिसर के पद से रिटायर्ड हैं। मां कुमुद गृहिणी हैं। उनकी दो बहनें मधुलिका उपाध्याय और भावना पांडेय हैं। उनके पति शिशिर कुमार उपाध्याय और ज्ञानेंद्र पांडेय हैं।
वहीं, पत्नी मेनका मूल रूप से गाजीपुर की रहने वाली थीं। उनके मायके के लोग लखनऊ के गोमती नगर में रहते हैं। मेनका अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थीं। उनके पिता पुरेंद्रनाथ तिवारी आर्मी में रहे हैं।
साल 2018 में मेनका और सौरभ की शादी हुई थी। सौरभ 5 साल से नोएडा में रह रहे थे। मेनका नोएडा की एक कंपनी में मैनेजर थीं। छोटे बेटे शिवओम के जन्म से पहले उन्होंने 2024 में नौकरी छोड़ दी थी।

हादसे में घायल शिवओम को पास के CHC पहुंचाया गया। यहां CPR देकर जान बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
कार डिवाइडर से टकराकर 30 मीटर तक घिसटती रही
- सौरभ परिवार के साथ सुबह 5 बजे प्रयागराज के लिए निकले थे। कार वह खुद चला रहे थे। बगल की सीट पर पत्नी और छोटा बच्चा गोद में था। पीछे बड़ा बेटा बैठा था।
- कार 100 से ज्यादा की स्पीड में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार उछलकर डिवाइडर पर चढ़ गई। 30 मीटर तक घिसटती चली गई। पीछे की सीट पर बैठा बड़ा बेटा व्योम कार का शीशा टूटने के बाद उछलकर एक्सप्रेस-वे से करीब 20 फीट नीचे बने अंडरपास में जा गिरा।
- उसे डॉक्टरों ने बचाने की कोशिश की। CPR दी, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे पोस्टमॉर्टम के बाद चारों के शव प्रयागराज भेजे गए।

परिवार नोएडा से प्रयागराज जा रहा था। सौरभ उपाध्याय की कंपनी का ऑफिस नोएडा में है।
—————
ये खबर भी पढ़ें
गाजियाबाद में थाने के अंदर युवक की हत्या:सीने पर चाकू मारे, पुलिस वाले देखते रहे; भाई दूज मनाकर घर आया था

गाजियाबाद में थाने के अंदर 20 साल के युवक की हत्या कर दी गई। हमलावर ने उसके सीने पर चाकू से वार किए। जिससे युवक खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।
चाकू मारकर भाग रहे आरोपी को पुलिसवालों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस ने युवक के घरवालों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें
