सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र के खिरकीपुरवा गांव में रास्ते और जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक 65 वर्षीय वृद्ध की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। वृद्ध का शव रविवार रात खेत में बनी झोपड़ी के बाहर पड़ा मिला। उनके सिर पर चोट के निशान पाए गए। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खिरकीपुरवा निवासी रम्मा (65) रविवार को अपने खेत में बनी झोपड़ी के पास थे। शाम को उनका पुत्र सुंदर लाल खेत में खाना देने पहुंचा तो पिता को झोपड़ी के बाहर जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा देखा। उनके सिर पर चोट के निशान थे। यह देखकर उसने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
मृतक के पुत्र सुंदर लाल ने कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के ही कुलदीप और उसके चचेरे भाई रामू से उनके परिवार का रास्ते और जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। आरोप है कि दोनों पहले भी उनके पिता को जान से मारने की धमकी दे चुके थे। पुत्र ने दोनों पर अपने पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने पुत्र की तहरीर के आधार पर कुलदीप और रामू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
