Sonbhadra: विद्यार्थियों को पढ़ाई के दबाव, मानसिक तनाव और भावनात्मक चुनौतियों से उबारने के साथ उनके भीतर एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में विशेष पहल की जा रही है। इसी कड़ी में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज सहित जिले के विभिन्न राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में हार्टफुलनेस का हेल्प प्रोग्राम संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को मानसिक शांति, तनाव प्रबंधन और जीवन में संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक तरीके बताए जा रहे हैं।

जीवन कौशल विकसित करना है कार्यक्रम का उद्देश्य

अपर राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, माध्यमिक उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर प्रदेश के सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। हार्टफुलनेस हेल्प का पूरा नाम ‘हार्टफुलनेस एक्सपीरियंस लाइफ्स पोटेंशियल’ है। यह विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया 16 सप्ताह का विशेष पाठ्यक्रम है। इसका उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक विद्यार्थियों की शिक्षा को सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए मानसिक और भावनात्मक रूप से भी सक्षम बनाना है।

कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को तनाव से निपटने, मन को शांत रखने, एकाग्रता बढ़ाने और अपनी भावनाओं को बेहतर ढंग से समझने के तरीके सिखाए जा रहे हैं। इसके साथ ही मानवीय मूल्यों, सकारात्मक दृष्टिकोण और जीवन में स्पष्ट उद्देश्य निर्धारित करने के महत्व से भी परिचित कराया जा रहा है।

पढ़ाई के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर भी जोर

आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के सामने पढ़ाई, परीक्षा और भविष्य को लेकर कई तरह की चुनौतियां रहती हैं। ऐसे में मानसिक संतुलन और आत्मनियंत्रण बनाए रखना बेहद जरूरी हो गया है। हार्टफुलनेस हेल्प प्रोग्राम इसी आवश्यकता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके अभ्यास से विद्यार्थियों में मानसिक शांति और भावनात्मक स्थिरता विकसित करने के साथ उनकी सीखने की क्षमता तथा शैक्षणिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं को ऐसा वातावरण देना है, जहां वे बिना अनावश्यक मानसिक दबाव के अपनी क्षमताओं को पहचान सकें और निर्धारित लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ सकें।

प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में हो रहा संचालन

जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह के निर्देशन में जिले के विद्यालयों में कार्यक्रम की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज में हार्टफुलनेस ट्रेनर एवं जिला कोऑर्डिनेटर गोपाल तथा हार्टफुलनेस वालंटियर कंचन लता छात्राओं को कार्यक्रम से जुड़ी जानकारियां और अभ्यास करा रहे हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्य निशा सिंह और वरिष्ठ प्रवक्ता वंदना सिंह की ओर से आयोजन को सफल बनाने में पूरा सहयोग दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ प्रवक्ता वंदना सिंह को हार्टफुलनेस पत्रिका भेंट की गई। इस पहल से विद्यालयों में विद्यार्थियों के शारीरिक और शैक्षणिक विकास के साथ मानसिक मजबूती तथा मानवीय मूल्यों को भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।



Source link