सुल्तानपुर। लंभुआ के मठिया गांव में 15 सितंबर को राशन वितरण के दौरान विवाद होने पर कोटेदार और उनके पति पर हमले व ई-पाॅस मशीन तोड़ने के आरोप से जुड़े मामले में स्थानीय पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।

लंभुआ के मठिया निवासी गायत्री यादव कोटे की दुकान चलाती हैं। आरोप है कि 15 सितंबर की सुबह 11 बजे वह राशन वितरण कर रही थीं। इसी दौरान गांव के शेषमणि यादव दो अज्ञात लोगों के साथ पहुंचे थे। उन्होंने भीड़ के बीच पहले अंगूठा लगवाने का दबाव बनाया था। कोटेदार ने कुछ देर इंतजार करने को कहा। आरोप है कि इसी बात पर शेषमणि अंगूठा लगाकर राशन लेने के बाद साथियों के साथ उनके गोदाम में घुस गए और अव्यवस्था फैलाने लगे थे। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए ई-पॉस मशीन छीनकर पटक दी, जिससे वह टूट गई थी।

आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें व उनके पति को पीट दिया था। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों को बचाया था। पीड़िता ने थाने और उपजिलाधिकारी से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई थी। लंभुआ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शिव नारायन सिंह ने बताया कि एफटीसी न्यायिक मजिस्ट्रेट भव्या श्रीवास्तव के आदेश पर सोमवार को आरोपी शेषमणि यादव और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।



Source link