बिछिया। कतर्नियाघाट रेंज में मंगलवार दोपहर सड़क पार कर रहे तेंदुए के शावक से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दंपती घायल हो गया। टक्कर के बाद अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी।


बिशुनापुर गांव निवासी जितेंद्र (30) पत्नी रीमा (25) के साथ बिछिया जनसेवा केंद्र से रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बिछिया वन बैरियर और रेलवे फाटक 95-सी के बीच मोड़ पर पहले तेंदुए का एक शावक सड़क पार कर गया। इसके तुरंत बाद दूसरा शावक झाड़ियों से निकलकर बाइक के सामने आ गया। उससे टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर झाड़ियों में पलट गई।

हादसे में दंपती को चोटें आईं और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों की मदद से दोनों को उठाया गया। इसके बाद उन्होंने बिछिया पहुंचकर उपचार कराया। वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ ने बताया कि वन रक्षक संतोष ने घायलों से मुलाकात कर आसपास के लोगों को सतर्क किया। उन्होंने जंगल के रास्तों पर आवागमन के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।



Source link