जागरण संवाददाता, रामपुर। सपा नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। शाम तक उनकी रिहाई हो सकती है।

शनिवार को दिन भर उनके अधिवक्ता मुचलके भरवाकर रिहाई के परवाने जारी कराने में लगे रहे। मुकदमों की संख्या अधिक होने के कारण इसमें पूरा दिन लग गया।

आजम के अधिवक्ता नासिर सुल्तान ने बताया कि सभी मुकदमों में रिहाई के परवाने जारी हो गए हैं। आजम खान के खिलाफ एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट सेशन ट्रायल में चल रहे पांच मुकदमों में शुक्रवार को ही रिहाई के परवाने जेल पहुंच गए थे।

शनिवार को दो पैन कार्ड के जिस मामले में आजम खान और अब्दुल्ला को हाई कोर्ट से जमानत मिली है, उसमें भी रिहाई का परवाना बन गया। आजम खान की रिहाई को लेकर उनके समर्थकों में भारी उत्साह है। वे जेल पर जुटना शुरू हो गए हैं।

जेल के अंदर पहुंची ईडी की टीम

लखनऊ के नंबर वाली गाड़ियों से कुछ लोग जिला कारागार पहुंचे हैं। इनमे से तीन-चार लोग जेल के अंदर गए हैं। सपा समर्थकों में ईडी द्वारा कार्रवाई की आशंका को लेकर चर्चा हो रही है।

खुफिया सूत्रों के अनुसार, ईडी के कुछ अधिकारी जेल के अंदर गए हैं। उनका मकसद क्या है, इसकी जानकारी अभी नहीं हो सकी है। आजम खान भी अभी जेल के अंदर ही हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम गाजियाबाद से आजम खान के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट लाई है। रामपुर से उनको डासना जेल भेजा जा सकता है। समर्थकों की भीड़ को देखते हुए जेल पर भारी संख्या में पुलिस और सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं।



Source link

अभी अभी की खबरें