डिडौली। कोतवाली क्षेत्र में प्लॉट पर कब्जे के विवाद में पड़ोसियों ने अधिवक्ता और उनकी भाभी के साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने प्लॉट में रखा सामान भी तोड़ दिया। शोर सुनकर पहुंचे मोहल्ले के लोगों को देखकर आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
गांव श्योनाली निवासी अशरफ अली एडवोकेट ने तहरीर में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9:10 बजे वह कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी पड़ोसी जर्रार, अबरार, अंसार और सद्दाम उनके प्लॉट में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर पहुंची उनकी भाभी शहनाज को भी पीटा, जिससे उन्हें चोटें आईं। आरोपियों ने पुलिस से शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद
