– राष्ट्रीय विकलांग एसोसिएशन के अध्यक्ष एमआर पाशा के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

संवाद न्यूज एजेंसी

नगीना। सीओ से मुलाकात और गले में हाथ डालकर एआई से तैयार किया फर्जी फोटो वायरल करने के मामले में पुलिस ने शिकंजा कर दिया है। कूटरचित फोटो बनाने और वायरल करने में पुलिस ने राष्ट्रीय विकलांग एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एमआर पाशा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

उप निरीक्षक प्रवीण कुमार द्वारा नगीना थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा गया कि 20 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक फोटो वायरल हुई थी। इसमें एमआर पाशा निवासी ग्राम बुढ़नपुर, थाना स्योहारा, जनपद बिजनौर को नगीना के क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह के साथ उनको पूर्ण पुलिस वर्दी में बैठा हुआ दिखाया गया था। आरोप है कि फोटो को एआई तकनीक के माध्यम से कूटरचित तरीके से तैयार किया गया था।

बताया गया कि वायरल फोटो में क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह की वर्दी पर लगी नेम प्लेट पर उनका नाम होने के बजाय शमशेर सिंह का नाम लिखा हुआ दर्शाया गया है। इस तरह फोटो को वास्तविक बताकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिससे आमजन के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती थी। आरोप है कि इस फर्जी तस्वीर के माध्यम से लोगों को धोखा देकर अनुचित लाभ प्राप्त करने का प्रयास किया गया।

— राष्ट्रीय विकलांग एसोसिएशन के अध्यक्ष एमआर पाशा उनके कार्यालय में मुलाकात करने जरूर आए थे। लेकिन जो फोटो खींचा गया था, उसको बाद में एआई के जरिए एडिट करते हुए सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। वायरल फोटो में उनका नाम भी नेम प्लेट पर गलत अंकित है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। – आलोक सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगीना

— पुलिस क्षेत्राधिकारी से मैंने मुलाकात की थी। उसके बाद किसी व्यक्ति ने मेरा मोबाइल ले लिया। हो सकता है कि उक्त व्यक्ति ने फोटो एडिट कर वायरल किया हो। मेरे द्वारा फोटो को एडिट कर वायरल नहीं किया गया। यह राजनीतिक षड्यंत्र के तहत मुझे फसाने की योजना दिखाई देती है। -एमआर पाशा, अध्यक्ष राष्ट्रीय विकलांग एसोसिएशन



Source link

अभी अभी की खबरें