इकदिल। थाना क्षेत्र के ग्राम मुखरामपुर में बुधवार सुबह गांव के बाहर खेत में मजदूर का शव शीशम के पेड़ से फंदे के सहारे लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम साक्ष्य एकत्र कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह और आर्थिक तंगी के चलते मानसिक तनाव की बात सामने आई है।
बुधवार सुबह साढ़े पांच बजे ग्राम मुखरामपुर निवासी कमल सिंह (37) का शव गांव की बिरमा देवी के खेत में पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिला। परिजनों के अनुसार कमल सिंह आठ भाइयों में सबसे छोटे थे। पत्नी संगीता देवी ने बताया कि घर में भाभी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बुधवार सुबह करीब पांच बजे कमल चुपचाप घर से निकले थे और कुछ ही देर बाद उनके मौत की सूचना मिली। थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक ने फंदा लगाकर जान दी है। पूछताछ में मामला मानसिक तनाव और गृहक्लेश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। कमल की मौत से पत्नी और बच्चे बदहवास हैं।
