अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। कोतवाली के नई बस्ती इलाके में बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ससुरालजनों को भोजन में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया था। उनके अचेत होने पर घर में रखा सारा जेवरात समेटकर चंपत हो गई थी। एक महीने से कोतवाली पुलिस दोनों को तलाश रही थी। बुधवार को प्रेमी युगल का सुराग मिलने पर पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया। बहू के पास से तीन लाख रुपये के जेवरात बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।

एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह के अनुसार, नई बस्ती निवासी नवल किशोर ने बताया कि एक जून की रात उसके छोटे बेटे यशवंत की पत्नी रीना ने अपने प्रेमी रिंकू निवासी अमरोख, पूंछ के साथ मिलकर ससुराल केे सभी लोगों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी लेकर भाग निकली। पुलिस उसके बाद से दोनों की सुरागकशी में जुटी थी। कई जगह तलाशने पर भी उनका पता नहीं चल रहा था। मोबाइल नंबर भी बदल लिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस के हाथ सुराग आया। पुलिस को बहू एवं उसके प्रेमी के कोतवाली इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करके सोने के हार, मंगलसूत्र, पायल, चांदी केे अन्य जेवरात समेत तीन हजार रुपये नकद बरामद किए। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश पाल, चौकी प्रभारी नई बस्ती नितिश कुमार, वंदना आदि मौजूद रहे।

इनसेट

प्रेमी के भाई की चूक से मिला सुराग

बहू रीना अपने प्रेमी रिंकू के साथ सूरत जाकर रहने लगी। पुलिस से दोनों ने बचने के लिए अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए थे लेकिन रीना ने अपना फोन रिंकू के भाई को दे दिया था। पाल कॉलोनी में रहने वाले रिंकू के भाई ने कुछ दिनों पहले मोबाइल फोन ऑन किया। उसी दौरान पुलिस को सुराग मिल गया।

इनसेट

पांच साल से दोनों के बीच थे प्रेम संबंध

पुलिस के मुताबिक, रिंकू और रीना दोनों ही पूंछ के अमरोख गांव के रहने वाले हैं। शादी से पहले ही दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। पहले रीना ने शादी का विरोध किया लेकिन परिवारवालों के जोर देने पर वह यशवंत से शादी करने को राजी हो गई। शादी के बाद भी उन दोनों का मिलना जुलना जारी रहा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *