मेजर ध्यानचंद शारीरिक शिक्षा संस्थान के मैदान में हुई शारीरिक दक्षता परीक्षा में विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (बीयू) के मेजर ध्यानचंद शारीरिक शिक्षा संस्थान के मैदान में मंगलवार को बीपीएड में दाखिला लेने के लिए छात्र-छात्राओं ने खूब पसीना बहाया। अब दाखिला लेने की दौड़ में कौन सफल रहा, इसका फैसला बृहस्पतिवार को जारी होगा।
बीयू परिसर में संचालित बीपीएड में दाखिला लेने के लिए 28 जुलाई को लिखित परीक्षा हुई थी। इसका परिणाम 31 जुलाई को जारी किया गया। परीक्षा परिणाम में 81 छात्र-छात्राएं सफल हुए। इनकी मंगलवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा हुई। सुबह आठ बजे से छात्र-छात्राओं का आना शुरू हो गया। नौ बजे से प्रतिभागी 66 छात्र-छात्राओं के दस्तावेजों की जांच करने के बाद शारीरिक माप-तौल की गई।
इसके बाद, 500 मीटर, 100 मीटर और 50 मीटर की दौड़ कराई गई। इसके बाद, लॉग जंप कराई गई। प्रत्येक प्रतियोगिता के अंक मौके पर ही अंकित किए गए, जिसका परिणाम बृहस्पतिवार को जारी होगा। विभाग समन्वयक डॉ. राजीव बबेले ने बताया कि प्रतिभागियों के अंक विवि को सौंप दिए हैं। अब कम परिणाम जारी होगा, यह विवि प्रशासन बताएगा। विद्यार्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा राजकीय महिला महाविद्यालय के डॉ संजीव मिश्रा, आंतरिक परीक्षक डॉ. उपेंद्र सिंह तोमर, कन्हैया लाल सोनकर, अमित श्रीवास्तव, ज्ञान अरजारिया, डॉ. सपना सक्सेना, डॉ. गिरिजा सिंह, डॉ. रूपम सक्सेना, डॉ. केके पांडेय आदि रहे।
ऐसे तो खाली रह जाएंगी सीट
बीयू के मेजर ध्यानचंद शारीरिक शिक्षा संस्थान में बीपीएड में दाखिले की 100 सीटें हैं। इन सीटों पर दाखिले के लिए हुई परीक्षा में 81 विद्यार्थी पास हुए। सभी विद्यार्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया मगर 66 ने ही प्रतिभाग किया। ऐसे में यदि सभी विद्यार्थियों को पास कर दिया जाता है, तब भी 34 सीटें खाली रह जाएंगी।
