लखनऊ। राजधानी के सात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड शुरू होगा। अभी तक मशीन न होने से गर्भवती व सामान्य मरीजों को जांच के लिए दूसरे केंद्र पर जाना पड़ता था। स्वास्थ्य विभाग को पांच नई मशीन मिली हैं। इन्हें जल्द ही विभाग इंस्ट्राल कराकर जांच शुरू कराएगा। अफसरों का कहना है कई केंद्रों पर मशीन काफी पुरानी होने की वजह से खराब हो गई थी। ऐसे में वहां पर भी जांच बंद पड़ी थी।
शहर में 19 सीएचसी का संचालन हो रहा है। इसमें गुडंबा, नगराम व बेहटा तीन नई सीएचसी पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं थी। ऐेसे में यहां आने वाली गर्भवती व सामान्य मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्र पर जाना पड़ता था। कॉरपोरेशन से तीन अल्ट्रासाउंड मशीन विभाग को मिली है। इन्हें विभाग जल्द ही स्थापित कराएगा। चिनहट, आलमबाग के चंदन नगर, एनके रोड सीएचसी की अल्ट्रासाउंड मशीन काफी पुरानी होने की वजह से खराब हो गई थी। ऐसे में यहां पर जांच का कार्य ठप पड़ा था। गर्भवती व सामान्य मरीज जांच के लिए भटक रहे थे। चार मशीन विभाग को दान में मिल रही हैं। सीएमओ डॉ. मनोज के मुताबिक, सात अल्ट्रासाउंड मशीन विभाग को मिली है। ऐसे में अब सभी 19 केंद्रों पर जांच की सुविधा मरीजों को मिल सकेगी।
सीएमओ के अधीन किसी भी सीएचसी पर रेडियोलॉजिस्ट नहीं है। ऐसे में उनकी जगह पर अल्ट्रासाउंड जांच में दक्ष हुए सोनोलॉजिस्ट जरिये जांच की जा रही है। जिले में करीब दस सोनोलॉजिस्ट तैनात हैं। जिनके जरिये अलग-अलग दिन पर हर सीएचसी पर जांच की सुविधा मरीजों को मुहैया कराई जा रही है। इसमें सिल्वर जुबली, मोहनलालगंज, एनके रोड, अलीगंज समेत अन्य सीएचसी पर सोनोलॉजिस्ट तैनात हैं।
