बीघापुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव हिंदपालखेड़ा में शनिवार दोपहर करीब चार बजे चूल्हे से उठी एक चिंगारी ने घर के छप्पर को आग की चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में पूरी गृहस्थी जल गई।
हिंदपालखेड़ा गांव निवासी 70 वर्षीय कुआरा बेटे रमेश के साथ छप्पर डालकर बने घर में रहती हैं। शनिवार शाम करीब चार बजे चूल्हे से निकली चिंगारी से लगी आग से पूरी गृहस्थी जल गई। गनीमत रही कि यहां रखे दो गैस सिलिंडर खाली थे। ग्रामीणों ने घर के सामने स्थित तालाब से पानी लेकर आग पर काबू पाया। लेखपाल संतोष मौर्या ने बताया कि घटना की जानकारी मिल गई है। मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया जाएगा और तहसील प्रशासन को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। (संवाद)
