= गवाही से पलटने पर मुकदमा वादिनी और घायल गवाह को जारी किया गया नोटिस
= साल 2017 में महिला ने छेड़छाड़, लूट और जानलेवा हमला करने का लगाया था आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। नौ साल पहले छेड़छाड़, लूट और जानलेवा हमला करने के एक मामले में बुधवार को सत्र न्यायाधीश सतेंद्र कुमार ने साक्ष्य के अभाव में तीन आरोपियों को बरी कर दिया है। वहीं गवाही से पलटने पर न्यायाधीश ने न्यायालय को गुमराह करने के जुर्म में वादिनी और घायल चश्मदीद गवाह के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के पपरिया मजरा परशुरामपुर गांव निवासी दुलारा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि आठ सितंबर 2017 की शाम करीब छह बजे पति राम सिंह आलू बेचने गए थे। वह घर में अकेली थी। आरोप लगाया था कि गांव का ही ओमप्रकाश उर्फ लल्लू घर में घुस कर छेड़छाड़ करने लगा।
शोर मचाने पर फोन कर साथी राकेश सिंह, धीरेंद्र, जयनरायन, रामस्वरूप समेत दस अन्य लोगों को बुला लिया। सभी के हाथों में अवैध असलहे थे। गाली-गलौज करते हुए पीटा। इस बीच पति राम सिंह और गांव के हरिओम व जगन्नाथ पहुंचे, तो आरोपियों ने उनसे भी पीटा। हमलावरों ने पिता राम सिंह की जेब से दस हजार रुपये भी लूट लिए। घायल दुलारा, राम सिंह और हरिओम को एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद 13 सितंबर 2017 को थाने में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और विवेचना के बाद न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया।
सुनवाई के दौरान एक आरोपी राकेश की मौत हो गई, इससे उसके खिलाफ मुकदमा समाप्त कर दिया गया। बाकी तीन आरोपियों ओमप्रकाश उर्फ लल्लू, जयनरायन और रामस्वरूप के खिलाफ सुनवाई चली। न्यायालय में वादिनी दुलारा और घायल गवाह हरिओम ने पहले तो घटना का समर्थन किया लेकिन लेकिन बचाव पक्ष की जिरह में पूर्व में दिए बयानों से मुकर गए। दोनों ने कहा कि घटना के समय अंधेरा व बारिश हो रही थी और गांव में भीड़ इकट्ठा होने से मची भगदड़ व ईंट-पत्थर चलने से उन्हें चोटें आई थीं। उन्होंने आरोपियों की मौजूदगी, छेड़छाड़ और लूट से इन्कार कर दिया। वहीं, वादिनी के पति राम सिंह ने भी हमलावरों को पहचानने से इन्कार कर दिया। सत्र न्यायाधीश सतेंद्र कुमार ने पत्रावली और गवाहों के विरोधाभासी बयानों का अवलोकन करते हुए आरोपी ओमप्रकाश उर्फ लल्लू, जयनरायन और रामस्वरूप को सभी आरोपों से मुक्त कर दिया।
—
कारण बताओ नोटिस का देना होगा जवाब
मामले की सुनवाई के दौरान तो आरोपियों ने घटना का समर्थन किया था, हालांकि बाद में मुकर गए। इस पर न्यायाधीश ने सुप्रीम कोर्ट की विभिन्न नजीरों का हवाला देते हुए कहा कि न्यायिक प्रक्रिया को विकृत करने वाले गवाहों पर अदालत मूकदर्शक नहीं बनी रह सकती। उन्होंने गवाहों द्वारा संभवतः किसी दबाव या अनुचित लाभ के चलते अदालत में जानबूझकर झूठी गवाही देने पर नाराजगी जताते हुए वादिनी दुलारा और घायल गवाह हरिओम के विरुद्ध दांडिक प्रकीर्ण वाद दर्ज कर धारा 344 दं.प्र.सं. (मिथ्या साक्ष्य देने) के तहत कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं।
