उन्नाव। एक तरफ रोजगार सेवकों की हड़ताल और दूसरी ओर श्रमिकों के लंबित भुगतान के चलते वीबीजी रामजी योजना (विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) गारंटी) मौजूदा समय में धड़ाम हो गई है। बृहस्पतिवार को जनपद की कुल 1037 ग्राम पंचायतों में 1028 पंचायतों में काम पूरी तरह से बंद रहा। शेष बची सात पंचायतों में मात्र 123 श्रमिक ही काम करने पहुंचे। श्रमिकों का कहना है कि एक तरफ मजदूरी कम और समय से न मिलने के साथ दूसरी ओर नियमित काम न मिलने से गांवों से पलायन करने की स्थिति आ गई है।

केंद्र सरकार द्वारा रोजगार के लिए ग्रामीणों का शहरी इलाकों के लिए पलायन रोकने और गांवों का विकास करने के लिए मनरेगा योजना चलाई जा रही थी। योजना के तहत ग्रामीण इलाकों में रहने वाले जॉब कार्डधारक (श्रमिक) को एक वित्तीय वर्ष में अधिकतम 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाता था।

एक जुलाई 2026 को सरकार ने इसके स्थान पर वीबीजी रामजी योजना शुरू की। इसमें रोजगार के दिन बढ़ाकर 125 दिन कर दिए गए। जॉब कार्डधारक के एक दिन के काम को एक मानव दिवस के रूप में जोड़ा जाता है। हर माह प्रत्येक विकासखंड को मानव दिवस सृजन का लक्ष्य दिया जाता है जिससे जॉब कार्डधारक को गांव में काम मिल सके और पलायन न करना पड़े पर वर्तमान में धरातल पर योजना धड़ाम हो गई है।

एक तरफ रोजगार सेवकों का कार्य बहिष्कार चल रहा है तो दूसरी ओर काम करने वाले श्रमिकों की चार से पांच माह की मजदूरी लंबित है। इससे श्रमिक काम मांगने आगे नहीं आ रहे हैं। परिणामस्वरूप बृहस्पतिवार को 1037 ग्राम पंचायतों में मात्र सात में काम हुए और 123 श्रमिक पहुंचे। शेष 1028 पंचायतों में काम पूरी तरह से बंद रहे।

पांच माह से श्रमिकों का भुगतान लंबित

हसनगंज। विकासखंड की 81 ग्राम पंचायतों में रोजगार सेवकों की हड़ताल के साथ श्रमिकों के भुगतान का भी पेच फंस रहा है। श्रमिकों का पांच माह से भुगतान लंबित है। महिला मेट और राजमिस्त्रियों को दो साल से भुगतान नहीं हुआ। निर्माण सामग्री मद में करीब 17.5 लाख रुपये का भुगतान लंबित है। बीडीओ रवि कुमार राय का कहना है कि कार्य बहिष्कार कर रहे ग्राम रोजगार सेवकों से बातचीत कर काम पर लौटने की अपील की गई है। श्रमिकों और ग्राम प्रशासकों के करीब दो करोड़ रुपये के लंबित भुगतान की फाइल जिला मुख्यालय भेजी गई है।

—-

इन ब्लॉकों में भी बंद रहे काम

-नवाबगंज विकासखंड की 33 ग्राम पंचायतों में काम की मांग है लेकिन रोजगार सेवकों के कार्य बहिष्कार के कारण श्रमिकों की उपस्थिति न लग पाने से काम बंद रहे।

-असोहा ब्लॉक की 67 पंचायतों में वीबीजी रामजी के कार्य पूर्ण रूप से बंद रहे। रोजगार सेवकों की हड़ताल में टीए, एपीओ और कंप्यूटर ऑपरेटर भी शामिल हो गए हैं। ब्लॉक में नौ हजार सक्रिय श्रमिक पंजीकृत हैं।

-ब्लॉक हिलौली में कुल 50 ग्राम पंचायतें हैं। किसी भी पंचायत में कार्य नहीं हो रहे हैं। सभी ग्राम सभाओं में कार्यों की मांग है।

-फतेहपुर चौरासी ब्लाॅक के एपीओ भूपेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम रोजगार सेवकों के कार्य बहिष्कार से 68 ग्राम पंचायतों में वीबीजी रामजी के तहत काम नहीं हो पा रहे हैं।

-बांगरमऊ एपीओ अखिलेश वर्मा व औरास के गौरव कुमार ने बताया कि 55 व 61 ग्राम पंचायतों में कार्य प्रभावित हैं। सिकंदरपुर कर्ण की पंचायतों में भी काम बंद है।

-बीघापुर विकासखंड क्षेत्र की 67 ग्राम पंचायत में 65 में काम बंद रहे। दो ग्रामसभा बेहटा गोपी व अमरपुर में काम चलने पर श्रमिक पहुंचे।

-पाटन, सुमेरपुर की 73 ग्राम पंचायतों में हाजिरी न लग पाने के कारण कार्य रुके हुए हैं। एपीओ जुनैद खान ने बताया कि रोजगार सेवकों के कार्य बहिष्कार से कार्य प्रभावित हो रहा है।

—-

श्रमिकों की सुनिए

फोटो-15-अरविंद गौतम

कम मजदूरी और समय से न मिलने से छोड़ दिया काम

हसनगंज के गांव झलोतर निवासी अरविंद गौतम ने बताया कि एक तरफ 300 रुपये की मजदूरी मिलती है, दूसरी ओर समय से नहीं आती। खाना कमाना तो रोज होता है। इसलिए वीबीजी रामजी में काम करने जाना छोड़ दिया।

—-

फोटो-16-दीनदयाल

रास नहीं आ रही है योजना

पमेधिया निवासी श्रमिक दीनदयाल ने बताया कि इस समय काम नहीं मिल पा रहा है। इस कारण बाहर जाकर मजदूरी करने की नौबत आ गई है। वीबीजी रामजी योजना ग्रामीणों को रास नहीं आ रही।

—-

रोजगार सेवकों से काम पर लौटने की अपील की जा रही है। मांगें शासनस्तर की हैं। स्थानीय स्तर पर उनका समाधान नहीं कराया जा सकता है। उम्मीद है कि जल्द रोजगार सेवक काम पर लौट आएंगे। इसके बाद वीबीजी रामजी के कार्यों में तेजी आएगी फिर भी जहां मांग हो रही है वहां काम कराए जा रहे हैं। -मुकेश कुमार, उपायुक्त श्रम/रोजगार



Source link

अभी अभी की खबरें