डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में सोमवार को विधि परीक्षाओं की तिथि आगे बढ़ाने की मांग करते हुए एनएसयूआई से जुड़े छात्र नेताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता गेट पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। सुरक्षाकर्मियों से उनकी नोकझोंक भी हुई।
विश्वविद्यालय अध्यक्ष विष्णु शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक से मिलकर अपनी मांग रखने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा नियंत्रक छात्रों को देखकर बिना बात किए चुपके से जाने लगे। विष्णु शर्मा ने बताया कि जब वह परीक्षा नियंत्रक की कार रोकने पहुंचे तो वह कार की चपेट में आकर चुटहिल हो गए। उन्होंने अपने साथी के साथ हरिपर्वत थाने पहुंचकर तहरीर दी और कार्रवाई की मांग करने की बात कही है। प्रदर्शन के दौरान सोनू जादौन, आरव पांडेय, रोहित बघेल, आजाद खान, अर्जुन धाकड़, प्रियांशु, अविनाश, प्रिंस यादव, आशिका, रेखा सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
वहीं, परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश का कहना है कि वह अपने निजी कार्य से गए थे इस तरह की कोई भी घटना नहीं हुई है। दीक्षांत समारोह को जल्दी करना विश्वविद्यालय का लक्ष्य है। इसीलिए परीक्षा तिथि यह निर्धारित की गई है।
