सोशल मीडिया के जरिए आतंकी गतिविधियां अंजाम देने के लिए स्लीपर सेल बनाने वाले दो युवकों को यूपी एटीएस ने बृहस्पतिवार को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। एटीएस के मुताबिक, बागपत का तुषार चौहान सोशल मीडिया पर हिजबुल्ला बनकर बड़ी आतंकी घटना अंजाम देने की योजना बना रहा था।
दिल्ली का समीर खान भी इस साजिश में शामिल था। दोनों पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट के सीधे संपर्क में थे। इसके पुख्ता सुराग मिलने पर एटीएस ने दोनों को पिस्टल और कारतूस के साथ दबोच लिया।
एडीजी कानून-व्यवस्था एवं एसटीएफ अमिताभ यश ने बताया कि बीते कुछ दिनों से सूचनाएं मिल रही थी कि कुछ युवक सोशल मीडिया का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने और देश की संप्रभुता, एकता व अखंडता को नष्ट करने के उद्देश्य से कर रहे हैं।
वह कुछ ऐसे पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में हैं, जो आईएसआई के इशारे पर भारत की आंतरिक सुरक्षा को क्षति पहुंचाना चाहते हैं। इसमें कुछ पाकिस्तानी यूट्यूबर्स भी शामिल हैं। सभी भारत के युवाओं को गैर मुस्लिमों पर हमले करने के लिए उकसा रहे हैं।
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट कट्टरपंथी पाकिस्तानी यूट्यूबर्स के साथ मिलकर सोशल मीडिया पर भारतीय युवाओं को निशाना बनाकर रेडिकलाइज कर रहे हैं। उन्हें पैसों का लालच देकर भारत की आंतरिक शांति व सद्भाव को बिगाड़ने की साजिश रचने के लिए संवेदनशील स्थलों की रेकी करा रहे हैं। बागपत का तुषार चौहान और दिल्ली का समीर खान दोनों पाकिस्तानी गैंगस्टर्स के सीधे संपर्क में हैं और कोई बड़ी विध्वंसक घटना अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं।
