ओटीटी कंपनी के एक अधिकारी की शुक्रवार रात आगरा के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। पुलिस ने विसरा सुरक्षित कर फॉरेंसिक लैब भेजा है ताकि मौत की वजह का पता चल सके।
गुरुग्राम निवासी 48 वर्षीय अशोक यादव एक ओटीटी कंपनी में पायरेसी सुरक्षा अधिकारी थे। वह पायरेसी के मामलों की जांच के सिलसिले में फिरोजाबाद से आगरा आए थे। उनके साथ एक महिला और एक पुरुष सहयोगी भी थे। तीनों ने शिल्पग्राम सड़क स्थित द ताज कन्वेंशन होटल में तीन कमरे बुक किए थे। शुक्रवार शाम करीब सात बजे अशोक यादव महिला सहयोगी के कमरे में गए, जहां उनकी तबीयत बिगड़ गई।
महिला सहयोगी की सूचना पर होटल कर्मचारी उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद महिला सहयोगी की भी तबीयत खराब हो गई थी, जिसका पुलिस ने इलाज कराया। परिजन ने पहले किसी साजिश की आशंका जताई थी लेकिन बाद में उन्होंने कोई शिकायत नहीं की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।
एसीपी ताज सुरक्षा मयंक तिवारी ने बताया कि चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया था। मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित कर फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। लैब की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजन ने इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
