समाजवादी पार्टी इस बार यूपी में विधानसभा चुनाव कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ेगी। हाल में ही लखनऊ में हुए अमर उजाला संवाद में दिए साक्षात्कार में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान के बाद नए समीकरणों को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है। मेरठ में भी सीटों को लेकर हलचल शुरू हो गई है।
रणनीतिकारों का अनुमान है कि जिले की सात में से पांच या छह सीटें सपा और एक या दो सीटें कांग्रेस के खाते में जा सकती हैं। बीते लोकसभा चुनाव में 37 सीटों पर जीत का करिश्माई आंकड़ा खड़ा करने वाले सपा प्रमुख अखिलेश के दावे ध्यान खींचने वाले हैं।
उन्होंने कहा था कि विपक्षी एकजुटता में सीटें नहीं बल्कि जीत उनका मुख्य फॉर्मूला है। सपा प्रमुख के इस एलान के बाद सियासी गलियारे, खासकर मेरठ जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मेरठ जिले के लिहाज से इस बार चुनावी मुद्दे बेहद जमीनी और तीखे हो सकते हैं।
