कोडिन कफ सिरप तस्करी के मास्टर माइंड और एक लाख का इनामी शुभम जायसवाल व उसके साथी वरुण सिंह और गौरव जायसवाल को भगोड़ा घोषित कर दिया गया है। मामले के विवेचक एसटीएफ में तैनात इंस्पेक्टर अंजनी कुमार पांडेय ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। तीनों आरोपी दुबई में रह रहे हैं। कोर्ट की ओर से लुकआउट नोटिस और एनबीडब्ल्यू जारी होने के बाद भी आरोपी हाजिर नहीं हो रहे हैं।
इंस्पेक्टर अंजनी कुमार पांडेय के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ अब कुर्की की कार्रवाई की तैयारी चल रही है। इंस्पेक्टर का कहना है कि आठ अप्रैल 2024 को आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। शासन की ओर से मामले की जांच एसटीएफ को दी गई थी। शुभम वाराणसी के सिगरा का रहने वाला है, जबकि वरुण आदमपुर प्रहलाद घाट के कायस्थ टोला का रहने वाला है।
ये भी पढ़ें – राम मंदिर दान राशि में गड़बड़ी: जांच में पूरे सिस्टम की कड़ियां जोड़ रही एसआईटी, निगरानी तंत्र की भी हो रही पड़ताल
ये भी पढ़ें – नीट अभ्यर्थियों को रोडवेज व सिटी बसों में आधी दर पर मिलेंगे टिकट, 19 जून की आधी रात से मिलेगी सुविधा
छानबीन में सामने आया कि आरोपियों ने कई राज्यों में कफ सिरप की तस्करी की थी। इससे पहले कि आरोपी पकड़े जाते तीनों दुबई भाग निकले। आरोपियों के खिलाफ चार फरवरी 2026 को कोर्ट ने एनबीडब्ल्यू जारी किया था। कई बार कोर्ट में हाजिर होने के आदेश के बाद भी आरोपी भारत नहीं लौटे। इस मामले में शुभम के पिता भोला को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके अलावा बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह, उसका करीबी अमित टाटा समेत 18 लोगों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।