एटा में घर से निकले ट्रांसपोर्टर के भाई का गांव के बाहर अपने ही खेत में धान की फसल के बीच शव मिला है। युवक 15 अगस्त को घर से निकला था और मोबाइल भी उसके पास नहीं था। परेशान परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किया है। 13 अगस्त को कुछ अज्ञात युवकों के साथ उसका विवाद हुआ था। परिजन हत्या के आरोप लगा रहे हैं।
कोतवाली देहात के गांव अमरगोजिया निवासी विश्वनाथ ने पुलिस को बताया कि वह कासगंज रोड पर ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। वर्तमान में सभी लोग शहर के मोहल्ला चौंचा वनगांव में रहते हैं। भाई अजीत उर्फ रवी (24) शनिवार को घर से ऑफिस जाने की कहकर निकला था। मगर वह काफी देर तक वहां नहीं पहुंचा और घर भी नहीं लौटा। चिंतित परिजन ने आसपास व रिश्तेदारी में तलाश की। कहीं भी पता नहीं चला तो कोतवाली देहात में प्राथमिकी दर्ज कराई। सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे सूचना मिली कि गांव अमरगोजिया के बाहर उसके ही खेत में धान की फसल के बीच अजीत का शव पड़ा हुआ है। जानकारी मिलते ही परिजन व ग्रामीण पहुंच गए।