पीलीभीत जिले के गजरौला कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण न हटाए जाने पर विभाग ने बुलडोजर चलाकर हाईवे किनारे किए गए कच्चे निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों में अफरा तफरी मच गई। जबकि कई लोगों ने पहले ही अपनी दुकानों के सामने से अतिक्रमण स्वयं हटा लिया था।
जानकारी के अनुसार, एनएचएआई ने करीब एक माह पूर्व हाईवे किनारे अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों और दुकानदारों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कई लोगों ने विभागीय आदेशों की अनदेखी करते हुए कब्जा नहीं हटाया। इसके बाद शुक्रवार को एनएचएआई की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कर दिया।
अभियान के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से फुटपाथ और सड़क किनारे किए गए कच्चे निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान एक दर्जन से अधिक दुकानों के सामने बने अवैध ढांचे हटाए गए। अचानक शुरू हुई कार्रवाई से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि हाईवे की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्व में कई बार चेतावनी और नोटिस दिए गए थे, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया गया। इसलिए विभाग को कार्रवाई करनी पड़ी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान एनएचएआई के अधिकारी जी. विजय राज सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं पुलिस भी मौके पर तैनात रही।
