सरोजनी नगर के शुक्रवार देर रात पुणे से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को खराब मौसम के कारण दिल्ली के बजाय लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। बाद में क्रू मेंबरों की ड्यूटी अवधि पूरी हो जाने के कारण उड़ान रद्द कर दी गई, जिससे यात्रियों में नाराजगी फैल गई और एयरपोर्ट पर हंगामे की स्थिति बन गई।
हालांकि बाद में एयरलाइंस अधिकारियों ने उन्हें समझा बुझाकर स्थिति सामान्य की। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (आईएक्स-1231) शुक्रवार रात करीब 9:40 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी।
दिल्ली में अचानक खराब मौसम और उड़ान संचालन प्रभावित होने के चलते विमान को लखनऊ डायवर्ट किया गया था। एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि विमान में कुल 166 यात्री सवार थे। यात्रियों को उम्मीद थी कि मौसम सामान्य होने पर उड़ान दिल्ली के लिए रवाना होगी। लेकिन, विमान के स्टाफ की निर्धारित ड्यूटी अवधि पूरी हो जाने के कारण एयरलाइन ने उड़ान रद्द करने का निर्णय लिया।
इसकी जानकारी मिलते ही कई यात्रियों ने एयरपोर्ट पर नाराजगी जताई। हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को संभालने के लिए एयरलाइन और एयरपोर्ट अधिकारियों ने वैकल्पिक व्यवस्था की। एयरलाइन्स अधिकारियों ने इनमें से 154 यात्रियों को लखनऊ से रात 1:14 बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (आईएक्स-2073) से दिल्ली रवाना किया। वहीं, शेष 12 यात्रियों को शनिवार सुबह 7:55 बजे दिल्ली जाने वाली फ्लाइट आईएक्स-1767 में टिकट उपलब्ध कराकर भेजा गया। एयरलाइन की ओर से यात्रियों को आवश्यक सहायता प्रदान की गई।
