महिला ने युवक को अपनी बातों में फंसाकर शादी करने का झांसा दिया। असलियत पता चलने पर युवक ने शादी से इंकार किया तो ब्लैकमेल कर रुपयों की मांग करने लगी। मांग पूरी ने होने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी। पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो पीड़ित ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। कोर्ट के आदेश पर थाना सदर पुलिस केस दर्ज कर जांच में लगी है।
सदर थाना क्षेत्र के देवरी रोड निवासी अजय जाटव ने दिल्ली के वेस्ट संगम विहार निवासी सविता के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। आरोप लगाया था कि सविता ने जान पहचान बढ़ाकर धोखाधड़ी करने की नीयत से उन्हें अपने जाल में फंसा लिया। कुछ दिनों बाद शादी करने का प्रस्ताव रखा। वह उनकी बातों में आ गए और हां कर दी।
बाद में जानकारी करने पर पता चला कि सविता पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। इसके बाद भी कई लोगों को फंसाकर धोखाधड़ी की। ब्लैकमेल कर रुपये ठग लिए। अब उन्हें भी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 10 लाख रुपयों की मांग कर रही है। पुलिस से भी कई बार झूठी शिकायत कर चुकी है जो जांच में गलत पायी गई। कोर्ट ने भी उसके प्रार्थना पत्र को निरस्त कर दिया था।