आगरा के थाना न्यू आगरा क्षेत्र में एक कोचिंग संचालक और उसके पिता पर छात्रों को नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पिता-पुत्र ने फर्जी इंटरव्यू और परीक्षा आयोजित करवाकर कई छात्र-छात्राओं को सीआईएसएफ और दयालबाग यूनिवर्सिटी में नौकरी के फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दिए। छात्रों से करीब 70 लाख रुपये की वसूली की गई। जब छात्रों ने अपने पैसे वापस मांगे तो उन्हें नकली एसटीएफ टीम से पिटवाया गया। पीड़िता की शिकायत पर थाना न्यू आगरा में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मैनपुरी के शाह आलमपुर गांव निवासी प्रीति ने एसीपी हरीपर्वत अमीषा से की गई शिकायत में बताया कि वह कमला नगर के अनुराग नगर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने न्यू आगरा क्षेत्र में स्थित स्टेलर कोचिंग में प्रवेश लिया। कोचिंग के संचालक राजीव कुमार ने अपने पिता कैरी सिंह, जो कथित तौर पर सीआईएसएफ में डीआईजी हैं, के प्रभाव का इस्तेमाल करने का दावा किया। राजीव ने नीशू अग्रवाल और प्रियंका कुमारी जैसे अन्य साथियों के वर्दी में फर्जी फोटो दिखाकर उन्हें अपनी कोचिंग का डायरेक्टर बताया।