बरेली के सीबीगंज की आईटीआर कॉलोनी स्थित कमरे में इज्जतनगर थाने के एसएसआई जावेद अली और एक महिला की मौजूदगी को लेकर खासा हंगामा हो गया। राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष रोहित गंगवार और उनके साथियों ने दरवाजा पीटना शुरू किया। यूपी 112 पुलिस भी बुला ली। उधर, महिला पिछले दरवाजे से निकलकर चली गई। दो सीओ ने मामले की प्रारंभिक जांच की तो छापा मारने वाले ही फंस गए। महिला की ओर से राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष सहित दो कार्यकर्ताओं को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
एसएसआई जावेद अली पहले सीबीगंज थाने में तैनात थे। तभी से वह आईटीआर कॉलोनी स्थित कमरे में रह रहे हैं। तबादले के बाद भी उन्होंने कमरा नहीं छोड़ा है। राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष रोहित गंगवार, गो रक्षक निर्दोष व श्यामपाल आदि ने बृहस्पतिवार सुबह पौने दस बजे यहां आकर गेट खुलवाने की कोशिश की। इन्होंने कॉल की तो यूपी 112 पुलिस भी आ गई। पुलिस ने भी गेट खटखटाया। करीब पांच मिनट बाद एसएसआई जावेद ने गेट खोला। कार्यकर्ता पूरे घटनाक्रम की मोबाइल रिकॉर्डिंग कर रहे थे।
पिछले गेट से निकली महिला, घर में टंगा मिला कोट
कार्यकर्ताओं की जावेद अली से तीखी बहस हुई। कहा कि घर में कौन महिला है, उसे बाहर निकालो। एसएसआई ने बताया कि महिला काम करने वाली है। इस दौरान इंस्पेक्टर सीबीगंज प्रदीप चतुर्वेदी भी आ गए। पुलिसकर्मियों और कार्यकर्ताओं ने कमरे में अंदर जाकर देखा तो वहां कोई नहीं मिला। पिछला दरवाजा खुला था। तब इन लोगों ने एसएसआई पर युवती को भगाने का आरोप लगाया। घर में एक निजी नर्सिंग कॉलेज के स्टाफ का लोगो लगा सफेद कोट टंगा मिला।