आगरा के नाई की मंडी थाना क्षेत्र में वन-8 ब्रांड के लोगो लगे डुप्लीकेट जूतों की बिक्री का मामला सामने आया है। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर पुलिस ने दो दुकानों पर छापा मारकर 292 जोड़ी जूते बरामद किए हैं। दुकान संचालक के खिलाफ ट्रेडमार्क उल्लंघन समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
डिसियोटो स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि नीरज कुमार ने 31 जुलाई को नाई की मंडी क्षेत्र में सर्वे के दौरान सिंह कॉम्प्लेक्स स्थित एफएन शूज पर वन-8 ब्रांड के लोगो लगाकर डुप्लीकेट जूते बिकने की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस टीम कंपनी प्रतिनिधियों के साथ दुकान पर पहुंची।
तलाशी के दौरान दुकान से वन-8 ब्रांड के 244 जोड़ी लोगो लगे जूते बरामद हुए, जिन्हें सील किया गया। इसके बाद पुलिस ने दुकान संचालक फहजान कुरैशी की दूसरी दुकान की भी तलाशी ली। वहां से 48 जोड़ी जूते और बरामद हुए। इन्हें भी सील कर कब्जे में लिया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नकली उत्पादों की बिक्री से कंपनी को आर्थिक नुकसान हो रहा है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
