न्यू कैंपस उपकेंद्र के कर्मी तीन घंटे तक बंधक बने, दो गुटों में मारपीट

न्यू कैंपस उपकेंद्र के भुइयां देवी मंदिर, कुटवा रोड इलाके में बृहस्पतिवार देर रात बिजली संकट से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज उपभोक्ताओं ने सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया। यह बिजली संकट एबीसी जलने के कारण उत्पन्न हुआ था। 

रात नौ बजे जब 3-4 कर्मचारी एबीसी बदलने गए तो मोहल्ले के दबंगों ने उनको यह कहते हुए बंधक बना लिया कि दो दिन से जब सोने का समय होता तो काम करने चले आते हो। मौके पर पहुंचे एसडीओ संतोष कुमार विश्वकर्मा, जेई प्रदीप ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग नहीं माने। 

मुस्लिमनगर और पिंक सिटी तिवारीपुर के लोगों के गुटों के बीच पहले बिजली चालू करने की जिद में मारपीट हो गई। पुलिस भी पहुंची। कर्मचारियों को बंधक बनाए जाने के तीन घंटे बाद रात 12 बजे दोनों मोहल्ले में अलग-अलग कर्मियों को एक साथ एबीसी बदलने भेजा गया।

एबीसी में आग लगने से दो कर्मचारी झुलसे

पिंक सिटी तिवारीपुर में एलटी लाइन बांधने के दौरान एबीसी में आग लग गई जिससे लाइनमैन कमलेश और गुड्डू झुलस गए। गंभीर रूप से झुलसे कमलेश का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। गुड्डू को सेवा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। न्यू कैंपस क्षेत्र में एक माह के भीतर यह तीसरी घटना है।

गहरू व बनी उपकेंद्र पर फूटा गुस्सा

सरोजनीनगर। बृहस्पतिवार देर रात गहरू उपकेंद्र के जयराजपुरी फीडर पर बड़ा हादसा होने से बचा। ओवरलोडिंग के चलते जयराजपुरी, इंद्रपुरी, सिद्धार्थनगर और स्कूटर इंडिया-पिपरसंड रोड स्थित रुद्रेश्वर मंदिर के पास लगी एबीसी लाइन धू-धू कर जल उठी। चिंगारियों और धमाकों से दहशत फैल गई। 

इससे रात 9:30 बजे बाधित हुई बिजली छह घंटे बाद तड़के 3 बजे बहाल हो सकी। बिजली संकट के विरोध में नाराज लोगों का गहरू उपकेंद्र पर आधी रात को प्रदर्शन किया। उधर, बिजली की आंख-मिचौली से नाराज मिर्जापुर गांव के लोगों ने देर रात बनी उपकेंद्र पहुंचकर कर्मचारियों से अभद्रता और गाली-गलौज की। कर्मचारियों ने पुलिस को फोन किया तो लोग वहां से खिसक लिए।

एलटी लाइन में चिपका लाइनमैन, झुलसा

नींबूपार्क घंटाघर उपकेंद्र के संविदा लाइनमैन चौक निवासी अनूप शुक्रवार सुबह 9:25 बजे फॉल्ट ठीक करने के दौरान एलटी लाइन से चिपक गए। साथियों ने आनन-फानन में बिजली बंद कर उन्हें छुड़ाया और मेडिकल कॉलेज ले गए। अनूप की जान तो बच गई मगर शरीर कई जगह झुलस गया। मुख्य अभियंता रवि अग्रवाल ने अस्पताल पहुंचकर अनूप का हालचाल लिया।

फॉल्ट दूर करने के लिए आठ इंजीनियरों की तैनाती

मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी ने अमौसी व लखनऊ मध्य जोन के उपभोक्ताओं के बिजली संकट को दूर करने के लिए शुक्रवार को आठ इंजीनियरों की तैनाती की है। इनमें चार सहायक (एई) व चार अवर अभियंता (जेई) हैं। लापरवाही में एई संतोष सिंह कुशवाहा को अमौसी जोन से हटाकर रायबरेली जोन भेजा गया है।

रायबरेली से भूषण कुमार को अमौसी जोन स्थानांतरित किया गया। निगम मुख्यालय में संबद्ध एई अमितेश कुमार, अनुभव श्रीवास्तव, जेई प्रदीप कुमार मौर्या, सत्येंद्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार को अमौसी जोन और विनय कुमार को लखनऊ मध्य जोन स्थानांतरित किया गया। अमौसी जोन से लापरवाह जेई भी हटेंगे।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें