उन्नाव जिले के नवाबगंज में जंगल में लकड़ी लेने गई वृद्ध महिला की रविवार को छोटे बेटे ने रुपये और जेवर के लालच में गला दबाकर हत्या कर दी। दूसरे दिन जंगल से शव बरामद होने के बाद वह घर से भाग गया। बड़े बेटे ने छोटे भाई के खिलाफ मां की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के शीतलखेड़ा गांव निवासी रामेशन ने पुलिस को बताया कि मां रामदुलारी (67) घर में अकेले रहती थीं। चार बेटों में रामकेशन, हरिश्चंद्र, राकेश और बिंदा प्रसाद हैं। सभी गांव में ही अलग-अलग घर बनाकर रहते हैं। रविवार की दोपहर मां खाना बनाने के लिए लकड़ियां तोड़ने गांव के बाहर जंगल में गई थीं।
