आगरा के थाना एत्मादपुर क्षेत्र की छलेसर चौकी के निकट यमुना एक्सप्रेस-वे पर सानिबार सुबह करीब 6:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वृंदावन घूमने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक कार चालक को नींद की झपकी आने के कारण आगे चल रही बस में पीछे से जा घुसी।
हादसे में कार सवार कुल 9 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना एत्मादपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। चार घायलों को आरएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए आगरा के अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।
घायलों में पूजा पत्नी पंकज, अमर पुत्र गोपाल, एक वर्षीय बच्ची आराध्या, हरिओम पुत्र जगदीश, सावित्री पत्नी गोपाल, आस्था एवं सोनम सहित अन्य लोग शामिल हैं। बताया गया है कि सभी लोग जौनपुर से वृंदावन दर्शन के लिए जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार चालक को आई नींद की झपकी माना जा रहा है।
