आगरा की अकोला ब्लॉक की ग्राम पंचायत खेरिया स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के 78 छात्र-छात्राएं पिछले दो वर्षों से खुले आसमान के नीचे पढ़ाई करने को मजबूर हैं। वर्ष 2024 में विद्यालय का जर्जर भवन ध्वस्त किए जाने के बाद अब तक नए भवन का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। कई बार शिकायतों के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है।

ग्राम प्रधान रामकुमार ने बताया कि विद्यालय का निर्माण वर्ष 2009 में हुआ था। वर्ष 2010 से यहां पठन-पाठन शुरू हुआ। मात्र 14 वर्ष में भवन पूरी तरह जर्जर हो गया, जिसके बाद उसे ध्वस्त कर नीलाम कर दिया गया। तब से नए भवन का निर्माण नहीं हो सका है, जबकि इसके लिए कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया है। पूर्व प्रधानाचार्य रहे पुरुषोत्तम सिंह का कहना है कि विद्यालय ध्वस्त होने के बाद करीब एक वर्ष तक ग्राम पंचायत के सहयोग से पंचायत भवन में कक्षाएं संचालित की गईं, लेकिन वहां पुस्तकालय शुरू होने के कारण विद्यालय को दोबारा पुराने परिसर में स्थानांतरित करना पड़ा। वर्तमान में बच्चे खुले मैदान में बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। बारिश और तेज धूप के दौरान पढ़ाई बाधित होती है कई बार अवकाश घोषित करना पड़ता है।

विद्यालय में 78 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनके लिए एक प्रधानाध्यापक, एक सहायक अध्यापक और एक अनुदेशक तैनात हैं। ग्रामीण चंद्रपाल ने बताया कि कुछ दिन पहले बच्चे खुले में पढ़ रहे थे इसी बीच सांप निकल आया था। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन नहीं होने की वजह से शैक्षणिक कार्य भी प्रभावित हो रही है। गांव के पुरुषोत्तम सिंह, जयराम सिंह, इंद्रपाल, रामवीर, महावीर, राजवीर, लोकेश, श्यामवीर, जगदीश, नरेश आदि ने बताया कि यू-डायस पोर्टल, तहसील दिवस और शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायतें दी गईं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

शासन को भेजी गई है बजट की मांगखंड शिक्षा अधिकारी अकोला उमेश कुमार गौतम ने बताया कि विद्यालय भवन निर्माण के लिए शासन को बजट की मांग भेजी गई है। बजट स्वीकृत होते ही नए भवन का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि तब तक छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए उन्हें अस्थायी रूप से नजदीकी प्राथमिक विद्यालय में स्थानांतरित करने की व्यवस्था की जाएगी। जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें