महिला प्रधान के बेटे व विधि छात्र संजय सिंह हत्याकांड मामले में पुलिस ने शूटर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में आरोपी हुसैन के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहीं, दूसरा आरोपी भाग निकला।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि संजय सिंह के हत्या के फरार आरोपियों को मेडिकल बाइपास के पास देखा गया है। मौके पर पहुंचकर नवाबाद पुलिस व स्वाट टीम ने उनकी घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख हुसैन ने पुलिस पर गोली चलानी शुरू कर दी। पुलिस ने बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की। जिसमें उसके पैर में गोली लगी अन्य दूसरा आरोपी भाग निकला। हुसैन से पूछताछ में फरार आरोपी का नाम जितेंद्र बताया गया है। इस मामले में पुलिस पहले ही मास्टरमाइंड समेत दो को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी के पास से पुलिस ने पिस्टल, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस और बाइक बरामद की है।
23 जुलाई की है घटना
खिलौना टॉकीज के पास स्थित द मैड किचन कैफे में 23 जुलाई की रात विधि छात्र संजय सिंह (33) को गोली मार दी गई थी। इलाज के दौरान देर उसकी मौत हो गई थी। संजय मूल रूप से हैवतपुर गांव का रहने वाला था। वर्तमान में सीपरी बाजार के नंदनपुरा इलाके में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
दो अब भी फरार
इस मामले में पुलिस ने कोछाभांवर क्षेत्र में न्यू पुलिस लाइन के पास से मुठभेड़ में लहरगिर्द निवासी अजीम खान उर्फ भीम एवं धर्मेंद्र परिहार को पकड़ लिया था। जांच में सामने आया था कि हत्या की पूरी साजिश धर्मेंद्र और उसके साथी अजय यादव ने रची थी। पुलिस मुख्य शूटर हुसैन, उसके साथी जितेंद्र यादव उर्फ जीतू और अजय यादव की तलाश में जुटी हुई थी। जिसमें आज हुसैन को पकड़ने में पुलिस को कामयाबी मिल गई है। वहीं, अन्य दो अरोपियों की पुलिस तलाश में जुटी हुई है।
मामले की जानकारी देतीं एसपी सिटी प्रीति सिंह…
