लखनऊ में ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का आज भव्य लोकार्पण होगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी इस परियोजना का उद्घाटन करेंगे। भारतीय नौसेना के शौर्य, पराक्रम और तकनीकी क्षमता को समर्पित यह वाटिका सीजी सिटी में विकसित की गई है। यहां स्थापित रिटायर्ड युद्धपोत INS गोमती पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण होगा।
पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बुधवार देर शाम सीजीसीटी में निर्माणाधीन नौसेना शौर्य संग्रहालय (नौसेना शौर्य वाटिका) के लोकार्पण की तैयारियों का निरीक्षण किया। संग्रहालय का सुबह 11 बजे लोकार्पण होगा।
मंत्री ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि संग्रहालय का शेष कार्य जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नौसेना शौर्य वाटिका पार्क नहीं, बल्कि हमारी सेना के बहादुर सेनानियों को श्रद्धांजलि देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह राजधानी वासियों के लिए राज्य सरकार का एक तोहफा है।
गोमती पोत लखनऊ की पहचान बनेगा। साथ ही एक पर्यटन केंद्र के रूप में लोगों को आकर्षित करेगा। इस नौसेना शौर्य वाटिका का निर्माण भारतीय नौसेना और पर्यटन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया गया है। निरीक्षण में परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, महानिदेशक पर्यटन वेदपति मिश्रा, प्रबंध निदेशक यूपीपीसीएल संतोष कुमार सिंह, जिलाधिकारी विशाख जी, नौसेना के कोमोडोर एस दुरई बाबू उपस्थित थे।
