अलीगढ़ में 29 मई शाम करीब साढ़े पांच बजे अचानक हर किसी के फोन एक साथ बज उठे। तेज बीप-बीप की आवाज सुनकर लोग चौंक गए। वाइब्रेशन के साथ स्पीकर पर चेतावनी सुनाई देने लगी। करीब पांच से छह सेकेंड तक लोग समझ नहीं पाए कि आखिर यह आवाज कहां से आ रही है। लोगों ने जल्दबाजी में जेब और बैग से मोबाइल निकाले तो स्क्रीन पर मौसम विभाग का इमरजेंसी अलर्ट दिखाई दिया। संदेश में अगले तीन घंटे के भीतर आंधी, बारिश और 60 से 90 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई थी, हालांकि इसी तरह का संदेश एक दिन पहले बृहस्पतिवार को भी प्रशासन ने जारी किया जिसके बाद देर शाम मौसम बिगड़ा लेकिन इस तरह फोन पर संदेश नहीं प्राप्त हुआ।
रात होते-होते मौसम विभाग की चेतावनी सच साबित हुई। शहर से लेकर तहसीलों के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ हवाओं की तेज गति से जहां खिड़की और दरवाजों की आवाजें आने का सिलसिला शुरू हुआ। वहीं दूसरी ओर संचार उपकरणों के सिग्नल ठप पड़ लगने लगे। घरों में टेलीविजन पर सिग्नल लॉस होने का संदेश आने लगा। मोबाइल फोन पर कॉल ड्रॉप होने लगे। यहां तक कि वाईफाई नेटवर्किंग भी प्रभावित रही। करीब 20 से 30 मिनट तक यह स्थिति बनी रही।
