ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सुन्नी और शिया वक्फ बोर्ड में बड़े घोटालों का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर इन घोटालों की जांच कराने की मांग की है। मौलाना ने दावा किया कि यदि सही दिशा में जांच हुई तो यह राम मंदिर से भी बड़ा घोटाला होगा।
बरेली में मौलाना रजवी ने सोमवार शाम चार बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकारों के दौरान वक्फ की जमीनों की खरीद-फरोख्त का अवैध कारोबार खूब फला-फूला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में वक्फ बोर्ड के जिम्मेदार लोगों ने जमीनों का सौदा किया।
सपा पर लगाए आरोप
मौलाना रज़वी ने बताया कि मुलायम सिंह यादव तीन बार और अखिलेश यादव एक बार मुख्यमंत्री रहे। इन सभी शासनकालों में आजम खां के पास अल्पसंख्यक, वक्फ और हज मंत्रालय रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खां के पसंदीदा लोगों को ही वक्फ बोर्ड का चेयरमैन और सदस्य बनाया जाता रहा। मौलाना ने कई लोगों के नामों का जिक्र भी किया।
