उरई। साइबर ठगों ने मोबाइल हैक कर एट कस्बे के हाफिज के बैंक खाते से तीन बार में करीब डेढ़ लाख रुपये पार कर दिए। मोबाइल ठीक कराने के दो दिन बाद खाते में जीरो बैलेंस होने का मैसेज आने पर पीड़ित को ठगी की जानकारी हुई। पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

एट कस्बे की विकास कॉलोनी निवासी हाफिज इमरान मंसूरी ने पुलिस को बताया कि पिछले दिनों अचानक उनका मोबाइल हैक हो गया था। मोबाइल में तकनीकी खराबी आने पर वह उसे ठीक कराने गए थे। इसी दौरान साइबर ठगों ने उनके मोबाइल नंबर से जुड़े बैंक खाते को निशाना बना लिया। ठगों ने यूपीआई और गूगल पे के माध्यम से तीन बार में करीब डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए।

मोबाइल ठीक कराने के बाद भी इमरान को खाते से रकम निकलने की जानकारी नहीं हुई। दो दिन बाद बैंक की ओर से खाते में जीरो बैलेंस होने का मैसेज आया तो उन्हें ठगी का पता चला। बैंक खाते की जानकारी करने पर बड़ी रकम गायब मिली। इसके बाद उन्होंने साइबर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और एट पुलिस को लिखित सूचना दी।

थानाध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने बताया कि पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले को जांच के लिए साइबर टीम के पास भेजा गया है। पुलिस रकम ट्रांसफर होने वाले खातों और ठगी में इस्तेमाल किए गए माध्यमों की जानकारी जुटा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *