कोलकाता से वाराणसी जाने वाली उड़ान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। खास बात यह है कि वाराणसी जाने वाले यात्रियों को लखनऊ उतारकर विमान निरस्त कर दिया गया। यात्री कैब से लखनऊ से वाराणसी पहुंचे, जिस पर छह हजार रुपये खर्च हुए। लेकिन उन्हें रिफंड के नाम पर महज 1500 रुपये देने की बात कही जा रही है।
नाराज यात्री ने सोशल मीडिया पर इंडिगो एयरलाइंस प्रशासन से इस बाबत शिकायत की है। जिस पर रविवार को इंडिगो प्रशासन ने समीक्षा कर फुल रिफंड का आश्वासन दिया है। दरअसल, घने कोहरे ने न केवल विमानों की समयसारिणी गड़बड़ा रही है, बल्कि यात्रियों के जेब पर भी चोट हो रही है। कोलकाता से वाराणसी जा रहे यात्री सोहन चक्रवर्ती ने बताया कि कोलकाता से वाराणसी के लिए बीते 18 दिसंबर को इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6501 का टिकट 10,772 रुपये में बुक किया था।
ये भी पढ़ें – प्रदेश में ठंड का असर, अगले आदेश तक बदला गया माध्यमिक स्कूलों का समय; कई जिलों में अवकाश घोषित
ये भी पढ़ें – 7994 पदों पर लेखपाल भर्ती के लिए संशोधित आरक्षण जारी, 29 दिसंबर से शुरू हो जाएंगे आवेदन
वाराणसी में खराब मौसम के कारण विमान लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। यात्रा यहीं पर समाप्त कर दी गई। ग्राउंड स्टाफ ने उन्हें आश्वासन दिया था कि अगर वे कैब से वाराणसी जाते हैं तो उन्हें कुल किराए का 50 फीसदी रिफंड दिया जाएगा। यात्री ने 5,500 रुपये खर्च कर कैब से वाराणसी पहुंचे। जब उन्होंने रिफंड मांगा तो एयरलाइन के कॉल सेंटर ने केवल डेढ़ हजार रुपये वापस करने की बात कही।