
उत्तर प्रदेश के संभल जिले की धनारी थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया, जो लड़कियों को धनवर्षा के लालच में फंसा लेता था। यह गैंग लड़कियों और लड़कों का यौन शोषण करता था। गिरोह को लेकर कई चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने मथुरा के निजी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर को भी शुक्रवार को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस को कई चौंकाने वाली बातें बताई। आरोपी प्रोफेसर दशरथ सिंह ने बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। कम समय में अमीर बनने के लालच में वह इस गिरोह से जुड़ गया था। आरोपी के मोबाइल से वीडियो-फोटो और फार्म समेत कई चीजें मिली हैं। फोन में मिले ऐसे वीडियो भी मिले हैं, जिसमें लड़कियां खुद को फीते से नापते हुए दिख रही हैं।
कोड भाषा में गिरोह को मीडिया कह कर बुलाते हैं सदस्य
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के सदस्य अपने गिरोह को कोड भाषा में मीडिया कहते हैं। यह गिरोह तंत्र क्रिया कर घर में नोटों की बारिश होने का झांसा देकर भोले भाले लोगों के साथ ठगी करता है और उनको प्रलोभन देकर उनकी लड़कियों व लड़कों का शोषण करता है। धन वर्षा तांत्रिक क्रिया एक ऐसी तांत्रिक पद्धति है जिसमें किसी दुर्लभ सामान के ऊपर कारीगर या गुरु या डीआर (कोड नेम) के द्वारा किसी विशेष दिनों में पूजा करने से धन की वर्षा होती है।
एएसपी अनुकृति शर्मा ने बताया कि इस गैंग में तीन पार्टी हैं, पहली पार्टी लड़कियों (आर्टिकल या सामान) को देती है। धनवर्षा के रुपयों में से 30 फीसदी रुपये लड़कियों (आर्टिकल) और उनके परिवार को मिलता था। दूसरी पार्टी का काम लड़कियों को कारीगर से मिलवाने का होता था, इसे मीडिया भी कहते हैं, तीसरी पार्टी का काम अच्छे गुरु की तलाश करना होता था। इसमें गुरु वो लोग होते हैं, जो तंत्र क्रिया का काम करते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तंत्र क्रिया करने वाले गुरु भी डिमांड पर ही आते थे। शुक्रवार को गिरफ्तार मथुरा के प्रोफेसर की आर्टिकल और गुरु से अच्छी खासी पहचान है।
गरीब परिवार को निशाना बनाता था गैंग
गिरोह के सदस्य झांसा देते हैं कि तंत्र क्रिया के लिए युवती कुंवारी हो, लंबाई 5 फीट 5 इंच से अधिक, शरीर पर कोई कटे-जले व टैटू गोदना का निशान नहीं, कोई आपरेशन नहीं, किसी जानवर ने काटा नहीं हो। नोटों की बारिश करवाने के लिए एक गुरु या कारीगर (कोड नाम) होता है। जो तंत्र क्रिया करता है। यह लोग गरीब परिवार को निशाना बनाते हैं और उन्हें प्रलोभन देते हैं कि उनकी लड़की विशेष गुण संपन्न है, जिस पर तंत्र क्रिया करने से घर में नोटों की बारिश होगी।