.

आज की सबसे बड़ी खबर भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच पहली ट्रेन के शुभारंभ से जुड़ी है। वहीं, दूसरी खबर सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर सोमवार को दिल्ली में पहली बैठक को लेकर है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…

पहले टॉप 5 खबरें…

1- अयोध्या-जनकपुर के बीच सीधी ट्रेन ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ शुरू, मोदी-बालेन ने हरी झंडी दिखाई

भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच पहली ट्रेन आज से शुरू हो गई। पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने हरी झंडी दिखाकर सरयू कमला एक्सप्रेस को रवाना किया। यह ट्रेन यूपी-बिहार के 10 स्टेशनों पर रुकेगी। पहले दिन 1158 यात्री सवार हुए। आम यात्रियों के लिए यह ट्रेन 28 नवंबर से शुरू होगी। मोदी ने कहा- नेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे। पूरी खबर पढ़ें

2- कांग्रेस ने सपा को 55 सीटों की पहली लिस्ट सौंपी; रामगोपाल बोले- 2-3 दिन में फाइनल कर लेंगे

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर सोमवार को दिल्ली में पहली बैठक हुई। सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर करीब आधा घंटा चली बैठक में कांग्रेस ने ‘A’ कैटेगरी की 55 सीटों की सूची सौंपी। प्रो.रामगोपाल यादव ने कहा-2-3 दिन में सीट शेयरिंग पूरा कर लेंगे। राजेंद्र पाल गौतम ने कहा- गठबंधन से भाजपा परेशान क्यों हैं? हमें उनकी परेशानी समझ आ रही है। पूरी खबर पढ़ें

3- शहीद भाई की कलाई पर बहन ने राखी बांधी, पत्नी बेहोश, मां बोलीं- आखिरी बार चेहरा दिखा दो

हरियाणा में युद्धाभ्यास के दौरान शहीद हुए यूपी के दो जवानों के शव सोमवार को घर पहुंचे। शामली में नायक मनीष कुमार का शव पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधी। पत्नी रोते-रोते बेहोश हो गई। मां आखिरी बार चेहरा देखने के लिए अर्थी से लिपट गई। बदायूं में नायक अंकुश कुमार के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा। बच्चे मां से पूछते रहे- पापा कब वापस आएंगे? पूरी खबर पढ़ें

4- आजमगढ़ में ₹5 की खैनी के चक्कर में 18 लाख जुर्माना भरा, 18 दिन जेल में रहा

आजमगढ़ के सौरभ राय को 5 रुपए की खैनी और चूना बहरीन ले जाना भारी पड़ गया। एयरपोर्ट पर जांच के दौरान चुनौटी में खैनी-चूना मिला तो हिरासत में ले लिया गया। उन्हें करीब 18 लाख रुपए चुकाने पड़े, 20 दिन तक विदेश में मुश्किल हालात झेलने पड़े। बताया कि बहरीन पुलिस ने 18 दिन तक 16 डिग्री वाले AC कमरे में रखा। कंबल तक नहीं दिया गया। शनिवार को वह घर लौट आए। पूरी खबर पढ़ें

5- बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री को ढोंगी-पाखंडी और धूर्त कहा, बोले- कुछ लोग शोषण करते

योगगुरु बाबा रामदेव ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बिना नाम लिए ‘पाखंडी’, ‘ढोंगी’ और ‘धूर्त’ कहा। कहा- कुछ लोग धर्म और भूत-प्रेत बाधा के नाम पर लोगों को डराकर शोषण करते हैं। वेद-पुराण और संविधान की समझ नहीं रखने वाले खुद को सनातनी बताकर हिंदू धर्म बचाने की बात करते हैं। राम और कृष्ण की तुलना करना और देवी-देवताओं पर हल्की टिप्पणी करना गलत है। पूरी खबर पढ़ें

अब अहम 8 खबरें…

6- गाजियाबाद में 15 शादियां करने वाले युवक को जेल, महिला बोली- रेप किया, 18 लाख ठगे

गाजियाबाद में 15 शादियां करने के आरोपी को रविवार को कोर्ट ने जेल भेज दिया। मुंबई के रहने वाले 35 साल के नरेंद्र शर्मा को पुलिस ने हथकड़ी और मास्क में कोर्ट में पेश किया। इसी दौरान एक युवती वहां पहुंची। पुलिस-वकीलों को अलग-अलग शादियों वाली आरोपी की तस्वीरें दिखाईं। युवती रोते हुए बोली- मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी, रेप किया और 18 लाख रुपए भी ठगे। पूरी खबर पढ़ें

7- बुलंदशहर में महिला ने बलि के लिए 5 बच्चियों के नाम लिखे, दीवार पर स्केच बनाए

बुलंदशहर में तंत्र-मंत्र के लिए 3 साल की मान्या की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी पड़ोसी महिला सोनम ने मोहल्ले की 5 बच्चियों को निशाना बनाने के लिए चुना था। सभी की उम्र 8 साल से कम थी। सोनम उनके स्केच कमरे की दीवार पर बनाकर नाम के साथ ‘5 खून’ लिख रखा था। वह बच्चियों को टॉफी-चॉकलेट का लालच देती थी। अपनी बेटी को पाने के लिए तंत्र-मंत्र करती थी। पूरी खबर पढ़ें

8- ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर देने वाले सीओ हटे, सहारनपुर पुलिस की अपील- वीडियो हटाएं

सहारनपुर में ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर देने के मामले में सीओ सदर पवन कुमार को हटा दिया गया है। उन्हें सीओ ट्रैफिक बनाया गया है। एसपी देहात मयंक पाठक ने इसकी पुष्टि की है। वहीं, पुलिस ने सोशल मीडिया से वीडियो और पोस्ट हटवाने के लिए X को पत्र लिखा है। पुलिस का कहना है कि कुछ लोग वीडियो को शेयर कर रहे, इससे पुलिस की छवि खराब हो रही है। पूरी खबर पढ़ें

9- ब्रजेश पाठक बोले- भाजपा के सामने सारे गठबंधन फेल, प्रचंड बहुमत में तीसरी बार सरकार

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा- यूपी में कांग्रेस, सपा और ओवैसी, कोई भी गठबंधन हो, सब बुरी तरह से फेल साबित होंगे। बीजेपी तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ आएगी। मंत्री राजभर ने आजम खान को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। कहा- जेल से रिहाई के बाद भी अखिलेश ने आजम से बात नहीं की। ऐसा नहीं लगता कि उनको कोई खास खुशी है! सब कुछ ठीक तो है न? पूरी खबर पढ़ें

10- मथुरा में मां-बेटे समेत 4 की मौत, ट्रक में घुसी स्विफ्ट कार; मध्यप्रदेश से वृंदावन आए थे

मथुरा में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में मां-बेटे समेत 4 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 2 बच्चे और 2 महिलाएं शामिल हैं। कार सवार 5 लोग घायल हैं। परिवार मध्यप्रदेश के भिंड से मथुरा घूमने आया था। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए। पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। पूरी खबर पढ़ें

11- पीलीभीत में SSB जवान और सिपाही ने बारातियों को पीटा, 3 गिरफ्तार किए गए

पीलीभीत में SSB जवान और सिपाही ने बारातघर में घुसकर बारातियों को पीटा। कार निकालने को लेकर हुई कहासुनी के बाद करीब 12 लोग लाठी-डंडे लेकर बरातघर में घुस गए। बारातियों को दौड़ा-दौड़ाकर मारा। पिस्टल की बट से दूल्हे के भाई को पीटा। इसमें तीन बाराती घायल हो गए। पुलिस ने एसएसबी जवान और यूपी पुलिस के सिपाही समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें

12- अखिलेश-डिंपल की मैरिज एनिवर्सरी पर हवन, मेरठ में शुरू हुआ 27 घंटे का अनुष्ठान

मेरठ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और डिंपल यादव की शादी की 27वीं सालगिरह पर 27 घंटे का अखंड हवन कराया जा रहा। सोमवार को सपा कार्यालय में शुरू हुए इस अनुष्ठान में अयोध्या से आए संत शामिल हुए। हवन में कार्यकर्ताओं ने आहुति देकर अखिलेश-डिंपल की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। मंगलवार को 27 घंटे पूरे होने पर हवन संपन्न होगा। पूरी खबर पढ़ें

13- महाराजगंज में युवती ने पेट्रोल डालकर आग लगाई, 55% जली, खुद एंबुलेंस तक गई

महराजगंज में युवती ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। जिला अस्पताल के बाहर युवती को आग में लिपटा देखकर लोगों ने बोतल और ड्रम से पानी डालकर आग बुझाई। तब तक वह 50% से 55% तक झुलस चुकी थी। युवती खुद चलकर पास में खड़ी एंबुलेंस तक गई। वहां मौजूद लोगों ने फटाफट एंबुलेंस से स्ट्रेचर निकाला और युवती को अस्पताल के अंदर ले गए। उसकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है। पूरी खबर पढ़ें

खबर जो हटकर है…

14- प्रतापगढ़ में दूल्हे के घर बारात लेकर पहुंची दुल्हन, लड़के वालों ने किया स्वागत

प्रतापगढ़ में दुल्हन बारात लेकर दूल्हे के घर पहुंची। बैंड-बाजे के साथ नाचते हुए 100 ज्यादा बारातियों का लड़के वालों ने स्वागत किया। दुल्हन अपनी शादी को यादगार बनाना चाहती थी। दुल्हन ने लड़के के परिवार वालों को बताया कि वह बारात लेकर उनके घर आएगी। दोनों परिवारों की सहमति के बाद रविवार की रात दुल्हन बारात के साथ लड़के के घर पहुंच गई। पूरी खबर पढ़ें

कल क्या रहेगा खास…

15- काशी में भव्य देव दीपावली

24 नवंबर को काशी में कार्तिक पूर्णिमा पर भव्य देव दीपावली मनाई जाएगी। बनारस की घाटों और गंगा के दोनों छोरों पर 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे।

कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…



Source link