08:13 AM, 23-Oct-2026
UP MLC Elections: गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 17 जिलों में मतदान शुरू
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान ठीक आठ बजे शुरू हो गया। मतदान केंद्रों पर कर्मचारी व्यवस्थाएं व्यवस्थित करने में जुटे हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 17 जिलों में 200 बूथों पर 54,910 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
08:06 AM, 23-Oct-2026
आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट दिखाकर डाल सकेंगे वोट
मतदाताओं को मतदान से पहले अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। यदि किसी मतदाता के पास यह पहचान पत्र नहीं है, तो वह निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों में से किसी एक को दिखाकर अपनी पहचान साबित कर सकता है। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, केंद्र या राज्य सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों अथवा अन्य निजी औद्योगिक घरानों द्वारा कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान पत्र, सांसदों-विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को जारी आधिकारिक पहचान पत्र, संबंधित शिक्षक या स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक के रूप में मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थान का पहचान पत्र, विश्वविद्यालय की डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाणपत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता संबंधी मूल प्रमाणपत्र और विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) शामिल हैं।
07:58 AM, 23-Oct-2026
मतदान स्थलों पर माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती
मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने 11 प्रेक्षक तैनात किए हैं। इसके अतिरिक्त 1041 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 456 जोनल मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं। मतदान स्थलों पर माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती के साथ वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए 1108 भारी वाहन, 1737 हल्के वाहन और 12,309 मतदान कार्मिक लगाए गए हैं।
07:57 AM, 23-Oct-2026
14.81 लाख मतदाता करेंगे वोट
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, इन चुनावों में कुल 14,81,310 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए 2,697 मतदान स्थल बनाए गए हैं। चुनाव मैदान में कुल 152 प्रत्याशी हैं।पांच खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, आगरा, मेरठ, वाराणसी और बरेली-मुरादाबाद शामिल हैं। वहीं, छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ, आगरा, मेरठ, वाराणसी, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद हैं।
07:54 AM, 23-Oct-2026
UP MLC Chunav LIVE: विधान परिषद की 11 सीटों पर मतदान शुरू, 14.81 लाख वोटर डालेंगे वोट; बैलेट पेपर से चुनाव
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए आज मतदान होगा। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा।
