बरेली जिले के आंवला तहसील क्षेत्र में स्थित मनौना धाम आने वाले समय में धार्मिक स्थल साथ ही पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित होगा और अपनी नई पहचान बनाएगा। मनौना धाम के प्रति श्रद्धालुओं के निरंतर बढ़ते आकर्षण और भारी भीड़ को देखते हुए पर्यटन विभाग ने इसे अपनी आगामी कार्ययोजना में शामिल करने का निर्णय लिया है। विभाग का लक्ष्य वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान यहां सुविधाओं का व्यापक विस्तार करना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को विश्वस्तरीय अनुभव मिल सके।

मनौना धाम की ख्याति अब प्रदेश ही नहीं पूरे देश में फैल चुकी है, जहां प्रतिदिन औसतन 10 हजार श्रद्धालु बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाते हैं। पर्यटन विभाग के हालिया आंकड़ों ने सबको चौंका दिया है जिसके अनुसार जिले में आने वाले कुल पर्यटकों में से लगभग 30 प्रतिशत लोग विशेष रूप से मनौना धाम के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस संख्या को देखते हुए शासन को करीब 10 करोड़ रुपये का विस्तृत प्रस्ताव भेजा जा रहा है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र की सूरत को पूरी तरह बदलना है। 

इस योजना के तहत धाम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए आधुनिक यात्री शेड, भव्य प्रवेश द्वार, विशाल पार्किंग स्थल, सामुदायिक हॉल, आधुनिक शौचालय, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था और ठहरने के लिए सर्वसुविधायुक्त धर्मशालाओं का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *