चीन और पाकिस्तान सीमा के नजदीक होने की वजह से गंगा एक्सप्रेसवे पर शाहजहांपुर जिले के गांव पीरू के पास बनाई गई एयर स्ट्रिप सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ ही इस बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में आपदा के दौरान दवाई व अन्य जीवनरक्षक सुविधाएं मुहैया कराने में भी अहम साबित होगी। यह देश का पहला एक्सप्रेसवे है, जिस पर बनी एयर स्ट्रिप पर विमान रात में भी लैंडिंग और टेक ऑफ कर सकेंगे।
जलालाबाद से करीब 12 किलोमीटर और बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे से मात्र चार किलोमीटर की दूरी पर गांव पीरू के पास इस एक्सप्रेसवे पर साढ़े तीन किलोमीटर की एयर स्ट्रिप बनाई गई है। इस बीच स्थायी डिवाइडर नहीं बनाया गया है, ताकि आपात स्थिति में समय गंवाए बगैर अस्थायी डिवाइडर को किनारे हटाकर सेना इसका उपयोग कर सके।
लड़ाकू विमानों ने चूमा था एक्सप्रेसवे
पिछले साल दो मई को वायुसेना ने इस स्ट्रिप पर राफेल, सुखोई, मिराज, हरक्यूलिस तथा मिग 29 सहित 16 लड़ाकू विमानों ने दिन और रात में टेक ऑफ व लैंडिंग का अभ्यास करके इसकी उपयोगिता को परखा था। आपात स्थिति में सेना इस स्ट्रिप को तत्काल अपने उपयोग में ला सकेगी।
