हसनपुर कोतवाली पुलिस ने जिला बदर की गई महिला अपराधी के मोहल्ले में जागकर डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराई। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि महिला अपराधी को छह महीने के लिए जिलाबदर कर दिया है।
रविवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने पुलिस टीम के साथ आरोपी महिला के मोहल्ले मोहल्ला खेबान में ढोल-नगाड़े और डुगडुगी बजवाकर बकायदा मुनादी कराई।
इस दौरान पूरे इलाके में घोषणा की गई कि 3/4 गुंडा अधिनियम के तहत नामजद आरोपी अनीता को छह माह के लिए जिले की कानून व्यवस्था बनाए रखने के जिले से निष्कासित कर दिया गया है।
मुनादी की औपचारिकता पूरी करने के बाद पुलिस टीम ने महिला को अमरोहा जनपद की सीमा से बाहर ले जाकर बिजनौर जिले में छोड़ दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि यह जिलाबदर अपराधी छिपकर अपने घर या आसपास के क्षेत्र में नजर आए, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें।
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित छह माह की अवधि के भीतर महिला जनपद अमरोहा की सीमा में पाई गई, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। महिला के खिलाफ अवैध शराब की बिक्री, मारपीट, धमकी देना, बलवा समेत आठ मामले पंजीकृत हैं। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई हसनपुर थाने की पहली महिला अपराधी के खिलाफ हुई है।
